grah 1 3

ss

Tuesday, 25 April 2017

फलाहारी आलू भुजिया नमकीन

      आलू भुजिया नमकीन -

सिंघाड़े के आटे और उबले आलू से तैय़ार क्रिस्पी फलाहारी आलू भुजिया नमकीन, नवरात्रि स्पेशल स्नैक्स

आवश्यक सामग्री-

आलू- 3 (उबले हुए)
सिंघाड़े का आटा- 1 कप (150 ग्राम)
सेन्धा नमक- ¾ छोटी चम्मच
काली मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर- ⅓ छोटी चम्मच
तेल- तलने के लिए

विधि--

आलू को छीलकर कद्दूकस कर लीजिए. सिंघाड़े के आटे में कद्दूकस किए हुए आलू डालिए. साथ ही इसमें सेन्धा नमक, काली मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर भी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिला लीजिए और इससे नरम आटा लगाकर तैयार कर लीजिए. इस आटे में 1 से 2 छोटी चम्मच तेल का इस्तेमाल करके आटे को मलते हुए थोड़ा सा चिकना कर लीजिए.

सेव मशीन में तैयार आटा भरिए
भुजिया बनाने के लिए सेव बनाने की मशीन लीजिए. इसमें बारीक छेद वाली जाली सैट कर दीजिए और मशीन के सिलेन्डर के अंदर चारों ओर थोड़ा सा तेल लगा दीजिए. हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाइए और आटे से थोड़ा सा आटा लेकर इसको लंबाई में शेप दे दीजिए ताकि यह मशीन के सिलेन्डर में आसानी से डाला जा सके. आटे को सिलेन्डर में डालिए और पिस्टन फिक्स कर दीजिए.

सेव तलिए
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कर लीजिए. सेव तलने से पहले कढ़ाही के ऊपर हाथ ले जाकर चैक कीजिए कि तेल गरम हुआ या नही. हाथ पर गरमाहट आ रही है, तो तेल सही गरम है. भुजिया तलने के लिए मध्यम गरम घी चाहिए. मशीन का पिस्टन दबाते हुए जितने सेव कढ़ाही में आ जाएं, उतने तलने के लिए तेल में डाल दीजिए.आंच धीमी रखिए. सेव डालते ही तेल में झाग बनने शुरू हो जाएंगे. जैसे ही तेल में झाग बनने खत्म हो जाएं, वैसे ही इन्हें पलट दीजिए और सेव का रंग बदलते ही कढ़ाही से निकालकर प्याले पर रखी छलनी में डाल दीजिए ताकि अतिरिक्त तेल प्याली में चला जाए. थोड़ी देर बाद, छलनी से सेव निकालकर एक प्लेट में रख दीजिए. इसी प्रकार सारे सेव तलकर तैयार कर लीजिए.

मशीन में आटा खत्म होने पर मशीन खोल लीजिए और पिस्टन को ऊपर कर लीजिए. फिर से इसमें आटा भर लीजिए और बिल्कुल पहले की भांति सेव तलकर निकाल लीजिए. एक बार के सेव तलने में 3 से 4 मिनिट लग जाते हैं.

कुरकुरी और स्वादिष्ट फलाहारी आलू भुजिया बनकर तैयार है. आप इसे तोड़कर ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और पूरे एक महीने तक खाते रहिए. यह फलाहारी भुजिया किसी भी व्रत में बनाकर खा सकते हैं.

सुझाव

अगर आप हल्दी पाउडर ना डालना चाहे, तो मत डालिए.
ये सेव बहुत ही पतले होते हैं, इसलिए जल्दी सिक जाते हैं.

चटनी मसाला पिज़्ज़ा रेसिपी

     चटनी मसाला पिज्जा-पिज़्ज़ा हम सभी लोग बड़े प्यार से खाना पसन्द करते हैं. आज हम देशी स्वाद में पिज्जा के ऊपर टापिंग में हरी चटनी, चाट मसाला और सब्जियों का प्रयोग चटनी मसाला पिज़्ज़ा बनायेंगे. पिज़्ज़ा बेस हम पहले ही बना चुके हैं. इस रेसीपी में हम चटनी मसाला पिज़्ज़ा पहले से बने पिज़्ज़ा बेस को प्रयोग करके बनायेंगे.


आवश्यक सामग्री-
पिज्जा बेस - 1
चाट मसाला - 1 छोटी चम्मच
ओलिव ओइल या कोई भी कुकिंग ओइल - 1 टेबल स्पून
स्वीट कार्न के दाने - 2 टेबल स्पून
हरे धनिये की चटनी - 2 - 3 टेबल स्पून
शिमला मिर्च - आधा कप छोटे छोटे टुकड़ों में कटी हुई
पनीर - 2 " *2" टुकड़ा छोटे छोटे टुकड़े में कटा हुआ
मोजेरीला चीज - 2" * 2" टुकड़ा

विधि-

ओवन को 200 डि. से. पर प्रिहीट करने के लिये लगा दीजिये.
पिज्जा बेस को पिज्जा बनाने वाली ट्रे में रख लीजिये, पिज्जा बेस के ऊपर चम्मच से ओलिव ओइल डालिये और चारों ओर फैला दीजिये. अब चटनी डालिये और पिज्जा बेस के ऊपर पतला पतला चारों ओर फैला लीजिये. पनीर के टुकड़े थोड़ी थोड़ी दूर पर लगा दीजिये, बीच बीच में शिमला मिर्च के टुकड़े लगा दीजिये, अब स्वीट कार्न के दाने भी चारों ओर डाल दीजिये, आधा छोटी चम्मच चाट मसाला चारों ओर छिड़कते हुये डाल दीजिये, मोजेरीला चीज को कद्दूकस करके, सब्जियों को ऊपर से ढकते हुये डाल दीजिये.

ओवन प्रिहीट होकर तैयार होने पर पिज्जा ट्रे को ओवन में रखिये, ओवन को 200 डि. से. पर 12 मिनिट के लिये सैट कर दीजिये, और पिज्जा को बेक होने दीजिये, 12 मिनिट के बाद पिज्जा को चैक कर लीजिये, अगर पिज्जा अभी किनारे से ब्राउन नहीं हुआ है, चीज अच्छी तरह मेल्ट नहीं हुआ है, तब पिज्जा 2-3 मिनिट के लिये और बेक करने के लिये रख दिजिये. 14-15 मिनिट में पिज्जा बेक होकर तैयार हो जाता है.

तैयार चटनी मसाला पिज्जा को के ऊपर थोड़ा और चाट मसाला छिड़क लीजिये, मन पसन्द टुकड़ों में काटिये और चटनी या सॉस के साथ परोसिये.

सुझाव:

पिज्जा के लिये हरी चटनी प्रयोग कर रहें वह पतली न हो, अगर चटनी पतली हो तब उसे 1-2 छोटे चम्मच तेल के साथ छोटे पैन में डालकर थोड़ा पकाकर गाढ़ा कर लीजिये और फिर टापिंग कीजिये, तो ज्यादा अच्छा है.
पिज्जा की टोपिंग के लिये सब्जी अपने मनपसन्द के अनुसार डाल सकते हैं, जो सब्जी पसन्द न हो या न मिल रही हो तो उसे मत डालिये, मशरूम, टमाटर, फूल गोभी, बेबी कार्न या प्याज आदि सब्जियां ली जा सकती हैं.
पिज्जा को माइक्रोवेव के कन्वेक्सन मोड पर बिलकुल इसी तरह बनाया जा सकता है.

मैदा बेसन के अनरसे

मैदा बेसन के अनरसे-

       तुरत फुरत बनने वाले अनरसे देखने भर में अनरसे जैसे हैं लेकिन स्वाद में एकदम अलग लेकिन आपको बेहद पसंद आयेंगे. सामान्य अनरसे बनाने के लिये दो दिन पहले से तैयारी करनी होती है, लेकिन मैदा बेसन से बने अनरसे तुरन्त बन जायेंगे. जब भी मन चाहे इन्हें बना डालिये.

आवश्यक सामग्री -
मैदा - आधा कप
बेसन - आधा कप
कन्डेन्स्ड मिल्क - आधा कप
दूध - 1-2 टेबल स्पून
तिल - 2 टेबल स्पून
बेकिंग पाउडर - आधा छोटी चम्मच
तेल - अनरसे तलने के लिये

विधि-

किसी बड़े प्याले में मैदा और बेसन मिक्स करके ले लीजिये, बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये, कन्डेन्स्ड मिल्क डालकर मिक्स कीजिये, बैटर थोड़ा सूखा रहने पर चमच्च से उतना ही दूध डालिये कि इतना गाढ़ा बैटर बन जाय कि जिसे आटे से गोल बाल बनाई जा सके.

कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये. उंगलियों से थोड़ा सा सूखा मैदा लगाकर थोड़ा सा बैटर निकालिये, और उस आटे को गोल करके बाल बना लीजिये, तैयार बाल को तिल में लपेटिये, और फिर तिल चिपकाते हुये गोल कीजिये. तिल लगी आटे की बाल को प्लेट में रख लीजिये, और सारे आटे से इसी तरह की बाल बनाकर तैयार कर लीजिये.

तेल हल्का गरम हो गया है, अनरसे बाल तलने के लिये तेल में डालिये और एकदम धींमी आग पर अनरसे बाल को घुमा घुमाकर गोल्डन ब्राउन तल कर निकाल लीजिये. सारे अनरसे इसी प्रकार तल कर निकाल लीजिये.
मैदा -बेसन के इन्सटेन्ट अनरसे तैयार है. अनरसे बाल चाय या काफी के साथ परोसिये और खाइये, बचे हुये अनरसे बाल एअर टाइट कन्टेनर में भर कर फ्रिज में रख लीजिये, और 7 दिन तक खाते रहिये.

सुझाव:
अनरसे बाल तलते समय अगर फट रहे हों तब बैटर में थोड़ा सा मैदा डालकर मिला दीजिये, अनरसे बाल तलते समय नहीं फटेंगे।

बेसन की नानखताई बिना ओवन के


बेसन की नानखताई बिना ओवन के -

नानखताई हम ओवन में बनाते हैं, बहुत अच्छी नानखताई बनती है, लेकिन यह नानखताई  को गैस पर किसी भारी तले के बर्तन या कुकर में में बना सकते हैं. बिना ओवन के भी यह नानखताई उतनी ही अच्छी बनती है जितनी ओवन में. आज हम बिना ओवन के पैन में बेसन की नानखताई बनायेंगे.

आवश्यक सामग्री -
बेसन - 1 कप (125 ग्राम)
पाउडर चीनी - आधा कप (125 ग्राम)
देशी घी या वेजिटेबल घी- आधा कप ( 125 ग्राम )
बेकिंग पाउडर - आधा छोटी चम्मच
छोटी इलाइची - 4-5
पिस्ते - 4-5
विधि -

छोटी इलाइची को छील कर कूट कर पाउडर बना लीजिये. पिस्ते को पतले पतले बारीक काट लीजिये. घी को पिघला लीजिये.
बेसन और चीनी को मिक्स कर लीजिये, बेकिंग पाउडर और छोटी इलाइची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स होने तक मिक्स कर लीजिये. पिघला घी रूम तापमान पर, 2-3 चम्मच प्याली में बचाते हुये, बेसन मिक्स में डालिये और हाथ से अच्छी तरह मिलाते हुये नरम गुथा हुआ आटा जैसा होने तक तैयार कर लीजिये, आटा अच्छी तरह गुथ गया है तो उसमें बचा हुआ घी मत मिलाइये.

भारी और समतल तले का बर्तन गैस पर रखिये, 300 - 400 ग्राम नमक डाल कर तले में एक जैसा फैला लीजिये, बीच में एक जाली स्टेन्ड रख दीजिये जिसके ऊपर नानखताई की प्लेट रखेंगे, और धीमी गैस पर बर्तन को ढककर गरम होने दीजिये, जब तक बर्तन गर्म होता है, तब तक नानखताई बनाकर प्लेट में लागा लीजिये.

प्लेट में घी डालकर चारों ओर लगाकर चिकना कीजिये. डोह से थोड़ा सा डोह निकाल कर दोनों हाथों से गोल कीजिये, गोले को एक हथेली पर रखकर दूसरी हथेली से हल्का सा दबा कर चपटा कर दीजिये, और ट्रे में रखिये, इसी तरह से सारी नानखताई बना कर ट्रे में थोड़ी थोड़ी दूर पर लगा लीजिये. ट्रे या प्लेट के भरने पर प्लेट को जो बर्तन गैस पर अब गरम हो चुका उसमें जाली स्टेन्ड के ऊपर रख दीजिये, बर्तन को ऊपर से अच्छी तरह ढक दीजिये.

धीमी गैस पर नानखताई को 15 मिनिट तक बेक होने दीजिये, 15 मिनिट बाद नानखताई को चैक कीजिये, नानखताई अच्छी तरह फूल गई है, और नीचे की ओर से हल्की सी ब्राउन हो गई है तब वह बेक हो गई है, अगर वह बिलकुल भी नीचे की ओर से ब्राउन नहीं हुई है तब उसे और 3-4 मिनिट के लिये धीमी गैस पर और बेक होने दीजिये. अब नानखताई को चैक कीजिये, नानखताई बेक होकर तैयार हो गई है, नानखताई को बेक होने में 15-20 मिनिट लग जाते हैं.

नानखताई ठंडी होने के बाद प्लेट से निकाल कर किसी प्याले या दूसरी प्लेट में रख लीजिये, बहुत स्वादिष्ट और अच्छी नानखताई बनकर तैयार है. नानखताई पूरी तरह ठंडी होने के बाद, एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और 2 माह से भी अधिक दिनों तक रख कर खाते रहिये.

सुझाव:
नानखताई को बेसन से , बेसन और मैदा मिलाकर, बेसन और सूजी मिलाकर, बेसन, मैदा और सूजी मिलाकर या अकेले मैदा से, मैदा और सूजी मिलाकर अपने पसन्द के अनुसार बनाया जा सकता है.
गुंथे हुये आटे में अगर थोड़ा घी अधिक है तो नानखताई, फूलने के वजाय चपती पतली सी बनेगी, थोड़ा बेसन मिलाकर गुंथे हुये आटे को सही किया जा सकता है.
अगर गुंथे हुये आटे में घी मात्रा थोड़ी कम है तब नानखताई में क्रेक आ जाते हैं तो थोड़ा सा घी मिलाकर गुंथे हुये आटे को ठीक किया जा सकता है.


कटहल के कबाब रेसिपी

  कटहल के कबाब -

कटहल के कबाब बनाने में एकदम आसान और खाने में लाज़वाब.

आवश्यक सामग्री -
कटहल- 500 ग्राम
बेसन- ½ कप (50 ग्राम)
तेल- ¾ कप
पुदीने के पत्ते- ¼ कप
हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा)
हरी मिर्च- 2 से 3 (बारीक कटी)
अदरक का पेस्ट- 2 छोटी चम्मच
गरम मसाला- ½ छोटी चम्मच
जीरा पाउडर- 1 छोटी चम्मच
अमचूर- ½ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर- 2 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि -

कटहल को धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. उसके बाद, कटहल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. कटहल काटते समय बीज के पीछे के छिल्के को ज़रूर हटा दीजिए.

कटहल उबालिए
कुकर में कटहल और आधा कप पानी डालिए तथा कुकर बंद करके कटहल को 1 सीटी आने तक उबाल लीजिए. सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दीजिए और कटहल को 4 से 5 मिनिट उबलने दीजिए.

5 मिनिट बाद, गैस बंद कर दीजिए और कटहल को चैक कर लीजिए. कटहल का एक टुकड़ा दबाकर देखिए, कटहल दब रहा है, यानिकि नरम हो गया है. उबले हुए कटहल को एक प्याले पर रखी छलनी में निकाल दीजिए. कटहल को चमचे से दबाकर सारा पानी निचोड़ दीजिए.

कबाब के लिए मिश्रण तैयार कीजिए
पैन में 2 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में बेसन डाल दीजिए. बेसन को लगातार चलाते हुए इसका हल्का सा रंग बदलने और अच्छी महक आने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए. बेसन को लगातार चलाते हुए इसमें मसाले- हल्दी पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर डाल दीजिए. साथ ही अदरक का पेस्ट तथा हरी मिर्च डाल दीजिए और धीमी आंच पर सारे मसालों को बेसन में मिक्स होने तक भूनिए. उसके बाद, गैस बंद कर दीजिए तथा बेसन को थोड़ा सा चला दीजिए ताकि मसाला नीचे से जल ना जाए.

कटहल को छलनी से निकालकर प्याले में डाल दीजिए और मैशर या चमचे से अच्छे से मैश कर लीजिए.
भुने बेसन में मैश्ड कटहल मिक्स कर दीजिए. इसमें हरा धनिया, नमक, अमचूर और पुदीने के पत्ते बारीक काटकर डाल दीजिए. गैस धीमी सी जला लीजिए और इन सभी सामग्रियों को मैश करते हुए मिला लीजिए और एकदम डोह की तरह तैयार कर लीजिए. तैयार कटहल के मिश्रण को प्याले में निकाल लीजिए और थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए.

कबाब बनाइए
हाथ को थोड़े से तेल से चिकना करके थोड़ा सा मिश्रण लेकर मध्यमाकार के कबाब बना लीजिए. इसके लिए, मिश्रण को पहले गोल कर लीजिए और फिर दबाकर कबाब का आकार दे दीजिए और प्लेट में रख दीजिए. इसी तरह सारे कबाब बनाकर तैयार कर लीजिए.

कबाब सेकिए
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए. कढ़ाही के ऊपर हाथ ले जाकर देखिए, अच्छी हीट आ रही है, तो तेल सही गरम् है. कढ़ाही में कबाब लगा दीजिए और मध्यम-धीमी आंच पर कबाब को नीचे से हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए.

इसके बाद, इन्हें पलट दीजिए और दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए. पूरी तरह से सिके हुए कबाब को कलछी और पलटे की मदद से उठाकर टिशू पेपर पर रख दीजिए ताकि अतिरिक्त तेल पेपर सोख ले. बचे हुए कबाब भी तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के कबाब तलने में 4 से 5 मिनिट लग जाते हैं.

स्वाद में बेहतरीन कटहल के करारे-करारे कबाब तैयार हैं. इन स्वादिष्ट कबाब को हरे धनिये की चटनी या किसी भी अपनी पसंद की चटनी के साथ परोस सकते हैं. कटहल के कबाब को खाने के साथ, रोटी परांठे के साथ परोस सकते हैं, बहुत ही उम्दा ज़ायके के लगते हैं या फिर इन्हें ऎसे ही स्नैक्स के रूप में भी खा सकते हैं.

सुझाव

कबाब के लिए कच्चा कटहल यानिकि सफेद कटहल लेते हैं. पीले रंग का कटहल पका हुआ और मीठा होता है, उसे ना लें.
पुदीने के पत्ते ना हो, तो पुदीना पाउडर भी डाल सकते है या बिना पुदीने के भी कबाब बना सकते हैं.
कबाब को अपनी पसंदानुसार शैलो फ्राय या डीप फ्राय कर सकते हैं.


पालक सोया रेसिपी

   आवश्यक सामग्री - 

पालक- 250 ग्राम
टमाटर- 3 (200 ग्राम)
हरी मिर्च- 1
अदरक का टुकड़ा- ½ इंच
सोया चंक्स- 1 कप (50 ग्राम)
रिफाइन्ड तेल- 2 टेबल स्पून
जीरा- ¼ छोटी चम्मच
हींग- 1 पिंच
हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर- ½ छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच से कम
कसूरी मेथी- 1 टेबल स्पून
नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच से कम
विधि -
पालक को बारीक-बारीक काट लीजिए. इसके बाद, टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को पीसकर पेस्ट तैयार कर लीजिए.

एक छोटे से खल बट्टे में सोया चंक डालकर 3 से 4 टुकड़े करते हुए कूट लीजिए. कुटे हुए सोया चंक्स को एक प्याले में निकाल लीजिए और सारे सोया चंक्स इसी तरह कूट लीजिए.

सब्जी बनाने के लिए पैन गरम कीजिए और इसमें 1 टेबल स्पून तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर पैन में टूटे हुए सोया चंक्स डाल दीजिए. इन्हें मध्यम आंच पर हल्का सा रंग बदलने तक लगातार चलाते हुए भून लीजिए. जैसे ही चंक्स हल्के ब्राउन हो जाएं, इनमें 1 कप पानी डाल दीजिए और इन्हें ढककर धीमी आंच पर पानी खत्म होने तक पकने दीजिए. बीच-बीच में इन्हें चलाकर चैक कर लीजिए.

इसी दौरान, टमाटर का मसाला तैय़ार कर लीजिए. गैस पर एक पैन गरम कीजिए. पैन में बचा हुआ तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में जीरा डालिए और गैस धीमी कर दीजिए. इसके बाद, तेल में हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डालकर मसाले को बिल्कुल हल्का सा भून लीजिए. फिर, मसाले में टमाटर-हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट और लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. मसाले से तेल अलग होने तक इसे धीमी और मध्यम आंच पर बीच-बीच में चलाते हुए भून लीजिए. इसके बाद, मसाले में कसूरी मेथी डालकर लगातार चलाते हुए भूनिए.

चंक्स से पानी सूख जाने और उनके फूलने पर इसमें भुना हुआ मसाला डालकर मिक्स कर दीजिए. साथ ही कटा हुआ पालक, नमक और गरम मसाला भी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिला दीजिए. इसके बाद, सब्जी को 2 से 3 मिनिट ढककर पकने दीजिए.

3 मिनिट बाद, सब्जी चैक कीजिए. सब्जी में हल्का सा पानी दिख रहा है, तो इसे 1 मिनिट और खुला ही पकने दीजिए. सब्जी को थोड़ी-थोड़ी देर में चला लीजिए. सब्जी में कटा हुआ हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. सब्जी तैयार है. इसे प्याले में निकाल लीजिए.

सब्जी को हरे धनिये से गार्निश कर दीजिए. स्वाद में लाज़वाब पालक सोया चंक्स भुरजी परोसने के लिए तैयार है. इस सब्जी को चपाती, नान, परांठे, चावल या किसी के भी साथ सर्व कर सकते हैं. इतनी सब्जी साइड डिश के रूप में परिवार के 4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त है.

सुझाव

कसूरी मेथी पालक के स्वाद को बढ़ा देती है.
मसाला भूनते समय ध्यान रखें कि वह जले ना.
आप सब्जी में मसालों की मात्रा कम या ज्यादा करके अपने स्वादानुसार सब्जी बना सकते हैं. अगर आप कम तीखा पसंद करते हैं, तो हरी मिर्च हटा सकते हैं, या हरी मिर्च पसंद है, तो गरम मसाला की मात्रा कम कर सकते हैं और तीखा पसंद करते हैं, तो लाल मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं.


कढ़ा प्रसाद बनाने की विधि

          लंगर में कड़ाह प्रसाद के रूप में मिलने वाले आटे के हलवे की आसान सी रेसिपी.

आवश्यक सामग्री -
गेहूं का आटा - ½ कप (80 ग्राम)
घी - ½ कप (110 ग्राम)
चीनी - ½ कप (110 ग्राम)
विधि -
कढ़ाही को गैस पर रखिए. कढ़ाही में आधा कप घी डाल दीजिए और इसे पिघलने दीजिए. घी के पिघलने के बाद, कढ़ाही में गेहूं का आटा डाल दीजिए. आटे को लगातार चलाते  हुए गोल्डन ब्राउन होने तक भून लीजिए. इस दौरान गैस मध्यम रखिए.

आटे में से अच्छी महक आने और आटे के गोल्डन ब्राउन होने पर इसमें चीनी डाल दीजिए. साथ ही 1.5 कप पानी डालकर च़लाते हुए सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए.

हलवे को लगातार चलाते हुए पकाते रहिए ताकि इसमें बिल्कुल भी गुठलियां न पड़ें. हलवा को गाढ़ा होने तक बिल्कुल इसी तरह पकाइए.

हलवे के अच्छे से पक जाने और गाढा़ हो जाने पर हलवा तैयार है. हलवे को प्लेट में निकाल लीजिए. बहुत ही अच्छा कड़ाह प्रसाद सर्व होने के लिए एकदम तैयार है.

सुझाव

कड़ाह प्रसाद बनाने के लिए गेहूं का मोटा पिसा आटा ही अच्छा होता है. लेकिन अगर आपके पास वो उपलब्ध न हो तो चपाती बनाने वाले आटे का भी उपयोग कर सकते हैं.
आटे को लगातार चलाते हुए पकाना होता है और जब आप इसमें पानी डालते हैं तब भी उसे चलाते रहें ताकि हलवे में गुठलियां न रहें.
इस प्रसाद में ड्रायफ्रूट का उपयोग नहीं होता है. लेकिन अगर आप मेवे डालना चाहते हैं तो अपनी पसंद अनुसार इसमें ड्राय फ्रूट उपयोग कर सकते हैं.